मध्य प्रदेश
30 Apr, 2026

धार में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप पलटने से 6 बच्चों सहित 16 की मौत, कई घायल

धार में तेज़ रफ़्तार पिकअप ट्रक पलटने से 16 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। प्रशासन ने तत्काल राहत और चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करते हुए घायलों को अस्पताल पहुँचाया, वहीं सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की।

भोपाल, 30 अप्रैल।

मध्य प्रदेश के धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें मजदूरों से भरा तेज रफ्तार पिकअप वाहन पलटने से 6 बच्चों सहित 16 लोगों की मृत्यु हो गई और कई अन्य घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिरला थाना क्षेत्र स्थित चिकलिया फाटा के पास जिओ पेट्रोल पंप के निकट रात लगभग साढ़े 8 बजे तेज गति से जा रहा पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। वाहन तीन-चार बार पलटता हुआ डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गया। बताया जा रहा है कि पिकअप की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना से पहले वाहन का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सड़क पर कई मजदूर गंभीर हालत में पड़े थे, जिससे स्थिति अत्यंत संवेदनशील हो गई। एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई। कई घायलों की हालत नाजुक बताई गई है और चिकित्सकों की टीम लगातार उपचार में जुटी रही। आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. छत्रपाल सिंह चौहान ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने बताया कि तेज गति इस दुर्घटना का मुख्य कारण रही। गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर भेजा गया, अन्य का उपचार धार में ही जारी है। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

इंदौर संभागायुक्त सुदाम खाड़े ने बताया कि पिकअप वाहन में लगभग 46 लोग सवार थे। सात गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है। कई अन्य घायलों का इलाज स्थानीय तथा निजी अस्पतालों में चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के अनुसार, पिकअप वाहन तेज गति में था और नियंत्रण छूटने के बाद कई बार पलट गया। इसके बाद वह दूसरी दिशा में जाकर स्कॉर्पियो से टकरा गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

इस दुर्घटना में कुल 16 लोगों की मृत्यु हुई है, जिनमें तनु (9), अंगूरी बाई (35), मैना बाई (45), सुमित (14), किरण (9), भूरी बाई (35), रंजना (25), आयुष (14), गोकुल (15), सुनीता (42), कांता (45), रिंकू (19), रंजना (22), सावित्री बाई (30), संगीता (35) और प्रिया शामिल हैं। सभी मृतक धार जिले के विभिन्न गांवों के निवासी थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी घायलों का उपचार नि:शुल्क कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

जिला प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घटना पर शोक व्यक्त किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इंदौर के अस्पतालों को अलर्ट रखा गया है और वहां भेजे गए घायलों के उपचार के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़