जगदलपुर, 23 अप्रैल
बस्तर जिले के ग्राम आरापुर में बीती रात एक शादी समारोह में डीजे पर नाचने के दौरान युवकों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में चाकूबाजी में बदल गया। इस घटना में तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें मेकाज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में फुलसिंग, प्रियांशु कुर्रे और देवेंद्र शामिल हैं।
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद दो युवक लापता हो गए हैं, जिन पर चाकूबाजी का आरोप है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस यह भी प्रयास कर रही है कि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान की जा सके।
सागर नाग ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां डीजे पर नाचते वक्त विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने फुलसिंग, प्रियांशु और देवेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। घायलों को हाथ, पीठ और कमर में चोटें आई हैं। इस घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।










.jpg)
