रांझी थाना क्षेत्र के शोभापुर इलाके में घर के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें पति-पत्नी और उनकी बेटी पर लाठी-डंडों एवं रॉड से हमला कर दिया गया। इस घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पुराना शोभापुर निवासी 49 वर्षीय मोहम्मद खालिक व्हीकल फैक्ट्री में निजी वाहन चालक के रूप में कार्यरत हैं। देर रात पड़ोसी शरीफ खान और उनके पुत्र सुल्तान खान ने अपनी मोटरसाइकिल खालिक के घर के सामने खड़ी कर दी थी। इस पर आपत्ति जताते हुए वाहन हटाने को कहा गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शरीफ खान लाठी लेकर मौके पर पहुंचे और मोहम्मद खालिक पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचीं उनकी पत्नी शहनाज बी और बेटी सोनम पर भी हमला किया गया। बताया गया कि इस दौरान सुल्तान खान और परिवार की महिला सदस्य लुभना भी मारपीट में शामिल रहीं। हमले में तीनों के सिर, हाथ, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल रांझी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल विक्टोरिया रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। रांझी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद शोभापुर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।



.jpg)

.jpg)






