मीरजापुर, 18 अप्रैल।
जिले के चुनार तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और गंभीरता से किया जाए।
अधिकारियों ने बैठक के दौरान कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश से जुड़े मामले, राशन कार्ड, पेयजल समस्या और चकबंदी से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में समस्या का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।
चुनार तहसील में कुल 93 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक का निस्तारण मौके पर ही किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया। इसी तरह तहसील सदर में 103 में से 15, लालगंज में 62 में से 3 और मड़िहान में 73 में से 5 मामलों का निपटारा किया गया।
जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर जमीनी विवादों के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी मामलों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
समाधान दिवस में प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बनाए रखने और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।










.jpg)