जौनपुर, 21 मार्च।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ती रही और लोगों ने पूरे जोश के साथ इस त्योहार को मनाया।
मुख्य नमाज मछलीशहर की शाही ईदगाह में मौलाना फैसल कमर के नेतृत्व में सुबह 9:15 बजे अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा जिले के विभिन्न कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों में भी तय समय पर सामूहिक नमाज पढ़ी गई। नमाज के दौरान लोगों ने देश में शांति, सौहार्द और भाईचारे के लिए दुआ मांगी। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं और मोहल्लों में खुशी का माहौल नजर आया।
जिले के शाही ईदगाह, अटाला मस्जिद, बड़ी मस्जिद, सदर इमामबाड़ा, मदीना मस्जिद, आया मस्जिद, हुसैनिया नकी फाटक मस्जिद और सिपाह स्थित हकीमी जामा मस्जिद सहित अन्य स्थानों पर भी बड़ी संख्या में नमाज अदा की गई। इस मौके पर सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा और पूर्व सांसद श्याम सिंह यादव समेत कई नेताओं ने लोगों को ईद की बधाई देते हुए भाईचारे का संदेश दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा, जबकि सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता के अनुसार सुरक्षा के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की गई। मौलाना फैसल कमर ने कहा कि सभी ने देश की शांति और एकता के लिए दुआ की और लोगों से मिलजुलकर रहने की अपील की।











