प्रयागराज, 28 अप्रैल
प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र में बकरी चराने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपित को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपित मोहम्मद राशिद घूरपुर के बड़ी बोगी गांव का निवासी है, जिसे सूचना के आधार पर बलीपुर क्षेत्र से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई, जिसमें घटना से जुड़े कई तथ्य सामने आए।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसकी बकरी निसार अहमद के घर की ओर चली गई थी, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद के दौरान उसके भाई ने लकड़ी के टुकड़े से निसार अहमद के सिर पर वार कर दिया, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में बुजुर्ग की मृत्यु की सूचना मिली।
मामले में 27 अप्रैल को बड़ी बोगी गांव निवासी मोहम्मद हुसैन ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया था कि निसार अहमद के साथ बकरी हांकने की पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद निसार अहमद की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर थाना घूरपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया है।













