मध्य प्रदेश सरकार ने विद्युत समाधान योजना 2025-26 के द्वितीय और अंतिम चरण की अवधि 15 मई तक बढ़ा दी है। पहले यह योजना 31 मार्च तक लागू थी।
याद रहे कि इस योजना की शुरुआत पिछले वर्ष 3 नवम्बर को हुई थी। अब तक प्रदेश में 27 लाख 47 हजार बिजली उपभोक्ताओं ने इस योजना के तहत सरचार्ज में छूट का लाभ उठाया है। कुल 1336 करोड़ 46 लाख रुपये जमा किए गए हैं, जबकि 450 करोड़ 31 लाख रुपये का सरचार्ज माफ किया गया है।
विशेष रूप से बकायादार उपभोक्ताओं के लिए यह योजना वरदान साबित हुई है। जो उपभोक्ता सरचार्ज के कारण मूलधन राशि का भुगतान नहीं कर पा रहे थे, उन्हें अब 50 से 90 प्रतिशत तक छूट के साथ एकमुश्त या किस्तों में भुगतान का विकल्प दिया जा रहा है। तीन माह से अधिक बकाएदार उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान पर 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफी का लाभ मिलेगा। ऐसे उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे 15 मई तक योजना में शामिल होकर अपना बकाया बिल जमा कर लाभ उठाएं।
पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 10 लाख 17 हजार उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लिया। कंपनी के खाते में 300 करोड़ 86 लाख रुपये जमा हुए और 90 करोड़ 57 लाख रुपये का सरचार्ज माफ किया गया।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 8 लाख 37 हजार बकायादार उपभोक्ताओं ने पंजीयन कर लाभ लिया। कंपनी के खाते में 767 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की मूल राशि जमा हुई, जबकि 321 करोड़ 20 लाख रुपये का सरचार्ज माफ किया गया।
पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 8 लाख 92 हजार उपभोक्ताओं ने भी योजना का लाभ लिया। कंपनी के खाते में 268 करोड़ 32 लाख रुपये जमा हुए और 38 करोड़ 54 लाख रुपये का सरचार्ज माफ किया गया।












