मध्य प्रदेश
21 Apr, 2026

अनूपपुर में हाथियों का तांडव: छत्तीसगढ़ से आए एक और हाथी ने मचाई तबाही, दहशत में ग्रामीण

अनूपपुर जिले में छत्तीसगढ़ की सीमा से घुसे एक नए जंगली हाथी ने अपने दल के साथ मिलकर ग्रामीणों के घरों को तोड़ दिया और फसलों को भारी नुकसान पहुँचाया है।

अनूपपुर, 21 अप्रैल।

छत्तीसगढ़ की सरहद से सटे अनूपपुर जिले में वन्य हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले करीब 114 दिनों से तीन हाथियों का दल इलाके में डेरा जमाए हुए था, वहीं मंगलवार की सुबह छत्तीसगढ़ के मरवाही क्षेत्र से एक और हाथी ने सीमा पार कर जिले में दस्तक दे दी। अब चार हाथियों का यह झुंड धनगवां बीट के जंगलों में विचरण कर रहा है। इसके अतिरिक्त, एक अकेला दंतैल हाथी जिला मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर दूर खांड़ा के जंगलों में पिछले दो हफ्तों से मौजूद है। हाथियों द्वारा रिहायशी इलाकों को अपना ठिकाना बनाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

हाथियों के इस कुनबे ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया। छत्तीसगढ़ से आए नए हाथी ने चोलना और कुकुरगोड़ा होते हुए करीब 30 किलोमीटर का सफर तय किया और धनगवां के जंगल में अपने साथियों से जा मिला। देर रात इन हाथियों ने पड़रिया के भलुवानटोला और चोई गांव में धावा बोलकर विक्रम सिंह और मोतीलाल राठौर के मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में रखा अनाज चट कर गए। इतना ही नहीं, हाथियों ने खेतों में खड़ी फसलों को रौंदने के साथ-साथ वन विभाग के वृक्षारोपण क्षेत्र में लगे दर्जनों आरसीसी खंभों और फेंसिंग तारों को भी तहस-नहस कर दिया।

दूसरी ओर, खांड़ा के जंगल में डटे अकेले दंतैल हाथी ने मोहन सिंह के कच्चे मकान पर तीसरी बार हमला कर उसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया। हाथी ने पड़ोस की बाड़ी में घुसकर कटहल की फसल को भी अपना आहार बनाया। जब वन विभाग का गश्ती दल ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुँचा, तो हाथी ने उन पर हमला करने के इरादे से चिंघाड़ते हुए दौड़ लगा दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों के हमले में दो लोगों की जान जाने के बावजूद अब तक प्रभावित परिवारों को पूरी सहायता राशि नहीं मिली है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि राजस्व विभाग के कर्मचारी नुकसान का सर्वे करने नहीं पहुँच रहे हैं, जिससे पीड़ित अपने टूटे हुए घरों की मरम्मत नहीं कर पा रहे हैं। इस संबंध में वन मंडल अधिकारी डेविड बेंकटराव का कहना है कि एक मृतक के परिजनों को मुआवजा प्रदान किया जा चुका है, जबकि दूसरे मामले में पारिवारिक विवाद के चलते देरी हो रही है, जिसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़