भोपाल, 22 अप्रैल
राजधानी भोपाल में एक किसान के साथ जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर 9 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्लॉट का अनुबंध करने के बावजूद तीन साल तक रजिस्ट्री नहीं कराई गई, जिसके बाद किसान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हबीबगंज थाना पुलिस के अनुसार, बिलखिरिया निवासी 40 वर्षीय किसान हेमराज चौकसे ने तीन साल पहले चौकसे नगर स्थित एक प्लॉट का सौदा शहदेव साहू से किया था। यह सौदा प्रॉपर्टी डीलर सुमित कुम्हरे के माध्यम से तय हुआ था, जिसने इसके बदले 50 हजार रुपये की रकम ली थी। 2023 में दोनों पक्षों के बीच एक नोटरी कार्यालय में अनुबंध हुआ, जिसमें हेमराज ने 9 लाख रुपये का भुगतान किया था।
अनुबंध के समय आरोपी शहदेव साहू ने हेमराज को तीन महीने के भीतर प्लॉट की रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन जब भी हेमराज रजिस्ट्री की बात करते, आरोपी किसी न किसी बहाने से मामले को टालता रहा। कई महीने बीत जाने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं होने पर हेमराज को ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद हेमराज चौकसे ने हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, और पुलिस ने जांच के बाद बुधवार को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।











