भोपाल, 24 अप्रैल
मध्य प्रदेश के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर राजधानी भोपाल में कांग्रेस सेवादल द्वारा आयोजित 24 घंटे का किसान सत्याग्रह और उपवास शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया। दोपहर लगभग 12 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष अवनीश भार्गव को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस दौरान यह स्पष्ट किया गया कि किसानों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
सत्याग्रह को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि यह संघर्ष किसानों से किए गए वादों को धरातल पर लागू करवाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गेहूं खरीदी का वादा ₹2700 प्रति क्विंटल का किया गया था, लेकिन किसान अपनी उपज ₹1800 या उससे भी कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने इसे किसानों के अधिकारों के साथ अन्याय बताते हुए जिम्मेदारी शीर्ष स्तर पर तय करने की बात कही।
उन्होंने खरीदी केंद्रों पर तौल में गड़बड़ी और अन्य अव्यवस्थाओं का मुद्दा भी उठाया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आगामी 8 दिनों में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो बड़वानी से ग्वालियर-चंबल तक आगरा-मुंबई हाईवे पर चक्का जाम किया जाएगा।
उपवास समाप्ति के बाद सेवादल प्रदेशाध्यक्ष अवनीश भार्गव ने कहा कि यह आंदोलन अभी शुरुआत भर है और किसानों के साथ हो रहे अन्याय को अब सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के साथ धोखा हो रहा है, नरवाई के मामलों में फर्जी प्रकरण दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है और ऋण वसूली की समय सीमा भी किसानों पर दबाव बना रही है। उन्होंने मांग रखी कि ऋण वसूली की अंतिम तिथि को फसल खरीदी की अंतिम तिथि से जोड़ा जाए।
कार्यक्रम के समापन पर भोपाल और आसपास से पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। इसके बाद सेवादल की ओर से किसानों की मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान भी शामिल हुए।










