सीवान, 23 अप्रैल
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को दरौंदा रेलवे स्टेशन पर एक सघन जांच अभियान चलाया, जिसमें दो महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी और सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के निर्देशों पर प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15028 गोरखपुर-सम्बलपुर मौर्या एक्सप्रेस के कोच संख्या S3 में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के दौरान टीम ने दो महिलाओं को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से प्लास्टिक के झोलों में विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
जब्त की गई शराब में 36 बोतल किंगफिशर और 10 बोतल ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 6,340 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रिंकी देवी (37) और सनीचरी देवी (40) के रूप में हुई है, जो दोनों समस्तीपुर जिले के पेठिया बांध थाना नगर क्षेत्र की निवासी हैं।
गिरफ्तारी के बाद, दोनों आरोपियों और जब्त की गई शराब को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, सीवान के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट सीवान के कांस्टेबल नीरज पांडेय, चौकी दरौंदा के कांस्टेबल रामजी यादव, उत्पाद विभाग के सउनि सत्येंद्र राय और महिला कांस्टेबल संजीता कुमारी की अहम भूमिका रही।











.jpg)