मध्य प्रदेश
04 May, 2026

श्रद्धालु सुविधाओं पर फोकस, शारदा लोक विकास को मिली रफ्तार

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने माँ शारदा लोक के विकास कार्यों की समीक्षा कर श्रद्धालु सुविधाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

भोपाल, 04 मई।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सोमवार को मंत्रालय में माँ शारदा लोक के प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, साथ ही इन विकास कार्यों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलनी चाहिए। उन्होंने निविदा प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में माँ शारदा लोक के व्यापक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों पर चर्चा हुई। इसके तहत मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार, पार्किंग व्यवस्था, हरित क्षेत्र विकास, सौर ऊर्जा प्रणाली, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली को सुदृढ़ बनाने की योजना शामिल है। इसके अलावा धर्मशालाओं का उन्नयन, आगमन और निकास मार्ग का वैज्ञानिक प्रबंधन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण, निगरानी प्रणाली को मजबूत करना तथा सुविधाजनक पैदल मार्ग विकसित करने जैसे कार्य प्रस्तावित हैं।

साथ ही परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण, दूल्हा देव मंदिर के विकास और सेवाओं के उन्नयन, दूल्हा देव बावली के संरक्षण एवं पुनरुद्धार और आल्हा-उदल तालाब व अखाड़ा परिसर के समग्र विकास पर भी विचार किया गया। इस योजना के अंतर्गत आल्हा-उदल से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं का आकर्षक प्रस्तुतीकरण करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे यह स्थल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षण का केंद्र बन सके।

उप मुख्यमंत्री ने शहडोल स्थित सरसी रिसोर्ट को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और उन्नयन का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुरवा फॉल क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर उसे शीघ्र लागू करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में विभागीय अधिकारी और संबंधित विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़