सिरसा, 17 मार्च।
पुलिस ने जिले क्षेत्र से चार नशा तस्करों को लाखों रुपये की हेरोइन, चूरापोस्त और 17 हजार रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
कालांवाली चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान रसनजीत सिंह, राजबीर सिंह, हरप्रीत सिंह और प्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीम गश्त के दौरान देसूमलकाना से मंडी कालांवाली रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आए। पुलिस ने तलाशी के लिए उन्हें रोका, तो उनके कब्जे से करीब 22 ग्राम हेरोइन और 17 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।
इसके अलावा पुलिस ने गांव साहुवाला क्षेत्र से एक व्यक्ति को लगभग 15 किलोग्राम चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि तस्कर की पहचान प्रीत सिंह के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कालांवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने गांव बरूवाली प्रथम क्षेत्र से चार ट्यूबवेलों की केबल तार चोरी करने वाले तीन आरोपियों को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बबलू, जगरूप और वीरपाल के रूप में हुई है। डिंग थाना प्रभारी ने बताया कि बरुवाली प्रथम निवासी रामकिशन ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात लोग खेतों से ट्यूबवेल की केबल तार चोरी कर ले गए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक नशा करने के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए अक्सर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान उनसे पूछताछ की जा रही है, जिसमें चोरी की अन्य वारदातों के बारे में खुलासा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।












