अपराध
09 May, 2026

नौकरी के नाम पर 3.38 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र का खुलासा

रायगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से 3.38 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर फर्जी नियुक्ति पत्र का खुलासा किया।

रायगढ़, 09 मई।

कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से 3 लाख 38 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी हरीश मिश्रा को थाना कोतरारोड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को फरारी के दौरान जिला जशपुर से पकड़ा गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कोतरा निवासी 27 वर्षीय कुमारी पद्मिनी यादव की पहचान आरोपी से उसकी भतीजी के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में संविदा कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर 9 फरवरी 2026 से 22 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 3,38,500 रुपये प्राप्त कर लिए।

काफी समय बीतने के बाद भी नियुक्ति न मिलने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। इसी दौरान उसने “कॉल मी सर्विसेस” नामक संस्था के नाम से एक नियुक्ति पत्र भी पीड़िता को दिया। जब पीड़िता उस पत्र के आधार पर कलेक्ट्रेट रायगढ़ पहुंची तो जांच में दस्तावेज पूरी तरह फर्जी पाया गया।

शिकायत के आधार पर थाना कोतरारोड़ में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार चल रहा था। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने जशपुर में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने रकम लेकर खर्च कर दी है और फर्जी नियुक्ति पत्र अपने साइबर कैफे से तैयार कर पीड़िता को भेजा था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले श्रम विभाग रायगढ़ में भृत्य पद पर कार्यरत रह चुका है और उसके खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने या सरकारी भर्ती के नाम पर किसी भी तरह के प्रलोभन या पैसों के लेन-देन से बचें और केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों पर ही भरोसा करें।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़