नई दिल्ली, 7 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को दिल्ली प्रवास पर रहे, जहां उन्होंने कई अहम राजनीतिक मुलाकातें कीं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए इसे सौजन्य भेंट बताया और स्थापना दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मुलाकात में संगठनात्मक विषयों, आगामी रणनीतियों और देश के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि नेतृत्व के मार्गदर्शन में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और सेवा-समर्पण के भाव के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और प्रभावी बनाएगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी से हुई भेंट में मुख्यमंत्री साय ने बस्तर क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने नक्सलवाद में कमी के बाद स्थापित शांति के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मानसून के बाद बस्तर आने का निमंत्रण भी दिया, जहां उनकी उपस्थिति में कई विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण का प्रस्ताव रखा गया है।













