गांधीनगर, 18 मई।
ब्रिक्स देशों के वरिष्ठ अधिकारियों और न्याय मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक 19 मई से 22 मई तक गुजरात के गांधीनगर में आयोजित की जा रही है, जिसकी अध्यक्षता भारत द्वारा की जाएगी।
विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि मामलों के विभाग द्वारा आयोजित यह चार दिवसीय बैठक कानूनी सुधारों, विवादों के शीघ्र निपटारे और वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली को सुदृढ़ करने पर केंद्रित रहेगी।
बैठक के कार्यक्रम के अनुसार 19 और 20 मई को ब्रिक्स देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक होगी, जबकि 21 और 22 मई को न्याय मंत्रियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
इसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के न्याय मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जो विभिन्न न्यायिक सुधारों पर विचार-विमर्श करेंगे।
चर्चा के प्रमुख विषयों में संस्थागत मध्यस्थता सुधार, वाणिज्यिक और सार्वजनिक क्षेत्र के विवादों में वैकल्पिक विवाद समाधान की भूमिका, लंबित मामलों में कमी, डिजिटल तकनीक के माध्यम से त्वरित न्याय व्यवस्था तथा क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आदान-प्रदान शामिल रहेगा।
बैठक के अंत में एक संयुक्त वक्तव्य और एक घोषणापत्र जारी किया जाएगा, जिसमें मध्यस्थता और वैकल्पिक विवाद समाधान को मजबूत करने की दिशा में ठोस प्रतिबद्धताएं शामिल होंगी।
इस बैठक को ब्रिक्स देशों के बीच न्यायिक सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है, जबकि भारत इसे वैश्विक स्तर पर कानूनी सुधारों और त्वरित न्याय व्यवस्था में अपनी भूमिका मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रहा है।






.jpg)







