सरकार व नीतियाँ
20 May, 2026

इंदौर में ब्रिक्स युवा उद्यमिता बैठक आज से, नवाचार और स्टार्टअप पर होगी चर्चा

इंदौर में ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की दो दिवसीय बैठक आज से शुरू हो रही है, जिसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधि नवाचार, स्टार्टअप और हरित उद्यमिता जैसे विषयों पर विचार साझा करेंगे तथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का दौरा भी करेंगे।

इंदौर, 20 मई ।

मध्य प्रदेश के इंदौर में ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की दो दिवसीय बैठक आज से प्रारंभ होने जा रही है। "सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण" विषय पर आधारित इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के युवा उद्यमी और प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक की अध्यक्षता भारत द्वारा की जाएगी और इसका आयोजन युवा एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया इस बैठक को वर्चुअल रूप से संबोधित करेंगे, जबकि उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे करेंगी। होटल मेरियट में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय विभागों और औद्योगिक इकाइयों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसका उद्घाटन रक्षा खडसे द्वारा किया जाएगा।

इसके साथ ही मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल भी अपने विचार प्रस्तुत करेंगी। इस बैठक के दौरान ब्रिक्स सदस्य देश अपने-अपने उद्यमिता मॉडल, नवाचार प्रणाली और युवा उद्यमिता पहलों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण करेंगे।

कार्यक्रम में डिजिटल नवाचार, तकनीकी आधारित विकास, समावेशी उद्यमिता और हरित व्यापार मॉडल जैसे विषयों पर पैनल चर्चा भी आयोजित की जाएगी। इससे विभिन्न देशों के बीच सहयोग और ज्ञान साझा करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध होगा।

बैठक के दूसरे दिन उद्यमिता क्षमता और नेतृत्व विकास पर केंद्रित कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके बाद प्रतिनिधि दल क्रिस्टल आईटी पार्क का भ्रमण करेगा, जहां उन्हें प्रदेश के उभरते आईटी और स्टार्टअप इकोसिस्टम की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रतिनिधि पीथमपुर स्थित सिपला लिमिटेड कंपनी का दौरा कर फार्मास्यूटिकल उत्पादन और आधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं का अवलोकन करेंगे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़