वाराणसी जिले की साइबर क्राइम टीम ने शनिवार को एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार कर अपराधियों को जमानत दिलाने का काम करता था। पुलिस ने इस गिरोह के सरगना सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
साइबर क्राइम के सहायक पुलिस आयुक्त विदुष सक्सेना ने बताया कि साइबर थाना वाराणसी को मिली सूचना के आधार पर शिवपुर निवासी बलराम दास और जनार्दन सिंह को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों आरोपी अवैध तरीके से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जेल में बंद अपराधियों को जमानत दिलाने का काम कर रहे थे।
जांच के दौरान आरोपियों के पास से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, नकली वेरिफिकेशन रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, यहां तक कि थाने की फर्जी वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी इन्हीं लोगों द्वारा तैयार की गई थी।
पूछताछ में सामने आया कि इस बार जमानत के लिए चंदौली पते वाला फर्जी आधार कार्ड लगाया गया था, जिसके आधार पर पुलिस को शक हुआ और दोनों आरोपी पकड़ में आ गए।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की जा रही है, जिससे इनके अन्य सहयोगियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जाएगी। साथ ही, जो भी इस गिरोह से जुड़े पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












.jpg)