अपराध
08 Apr, 2026

सर्राफा दुकान से टप्पेबाजी करने वाला गैंग सदस्य पकड़ा, लाखों के जेवर बरामद

बांदा में सर्राफा दुकान से टप्पेबाजी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के सदस्य को पकड़कर पुलिस ने लाखों के जेवर बरामद किए।

बांदा, 08 अप्रैल 2026।

उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में चोरी, लूट और टप्पेबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कालिंजर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय कुख्यात ईरानी गैंग के एक सदस्य को बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 9 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 5 जनवरी 2026 को कालिंजर कस्बा निवासी ब्रजनन्दन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी सर्राफा दुकान पर कुछ अज्ञात लोग ग्राहक बनकर पहुंचे थे। गहने दिखाने के बहाने उन्होंने दुकानदार को बातचीत में उलझाया और काउंटर पर रखे डिब्बे से जेवर लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया और जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई, साथ ही यक्ष ऐप के माध्यम से इसकी पुष्टि भी की गई।

इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध खानू हुसैन पुत्र फरजन्द अली निवासी शहडोल (मध्य प्रदेश) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों जुबेर अहमद, तकवीर खान और सरताज अली उर्फ तरू के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों में ज्वैलरी दुकानों को निशाना बनाता है।

आरोपित ने बताया कि 4 जनवरी 2026 को कालिंजर में की गई टप्पेबाजी के दौरान चोरी किए गए आभूषणों को पीछा किए जाने के दौरान एक मंदिर के पीछे जमीन में छिपा दिया गया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पर्यटक ढाबा के सामने स्थित दुर्गा माता मंदिर के पीछे से बड़ी मात्रा में पीली धातु के आभूषण बरामद कर लिए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का सदस्य जुबेर अहमद पहले ही भोपाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपित तकवीर खान और सरताज उर्फ तरू अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि यह गिरोह संगठित तरीके से अलग-अलग जनपदों और राज्यों में वारदातों को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़