प्रशासनिक खबरें
21 Apr, 2026

नकली नोट दिखाकर लूटने वाली गैंग गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

भोपाल रेलवे स्टेशन पर नकली नोटों के सहारे यात्रियों को ठगने वाली दिल्ली की टप्पेबाज गैंग को गिरफ्तार कर पुलिस ने लाखों रुपये का सामान बरामद किया है।

भोपाल, 21 अप्रैल

भोपाल रेलवे स्टेशन पर नकली नोटों की गड्डी दिखाकर यात्रियों और सेना के जवानों को झांसे में लेकर लूटपाट करने वाली दिल्ली की शातिर टप्पेबाज गैंग को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में छह आरोपियों को पकड़ा है और उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, नकली नोटों की गड्डियां, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नगदी सहित लगभग नौ लाख रुपये का सामान बरामद किया है।

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब 17 अप्रैल 2026 को एक सेना के जवान ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी होने और एटीएम से पैसे निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक पीड़ित को घेरते हुए दिखाई दिए। इसी आधार पर 19 अप्रैल को पुलिस ने भोपाल स्टेशन परिसर से ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली से निजी वाहन के माध्यम से विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पहुंचते थे और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर यात्रियों, विशेषकर सेना के जवानों को निशाना बनाते थे। ये आरोपी पहले रूमाल में लिपटी नकली नोटों की गड्डी दिखाकर लोगों का भरोसा जीतते थे और फिर मौका पाकर मोबाइल व एटीएम कार्ड चोरी कर लेते थे। इसके बाद एटीएम से रकम निकालकर फरार हो जाते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह ने इंदौर में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में जोगिंदर, दिलशाद, अरशद, सुमित उर्फ धीरज, मोहम्मद अनवर और अमानतुल्लाह शामिल हैं, जो सभी दिल्ली के बवाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनमें से कुछ आरोपियों पर पहले से ही दिल्ली, मथुरा और गाजियाबाद में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने और किन-किन स्थानों पर ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़