नई दिल्ली, 09 मई
हरियाणा में दर्ज कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित गैंगस्टर अभय उर्फ अभय राणा को पुर्तगाल से प्रत्यर्पित कर शनिवार को भारत लाया गया।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार अभय राणा हरियाणा में कई मामलों में फरार चल रहा था, जिनमें जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, संगठित अपराध गिरोह चलाने, हत्या के प्रयास और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
जांच एजेंसी ने बताया कि करनाल जिले के एक मामले की जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर व्हाट्सएप कॉल सहित सोशल मीडिया माध्यमों से स्थानीय कारोबारियों को फिरौती के लिए धमकाता था। जो लोग उसकी मांग पूरी नहीं करते थे, उन पर गिरोह के सदस्य हमला करते थे। जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के माध्यम से इंटरपोल ने आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था। इसके बाद पुर्तगाल में उसकी लोकेशन मिलने और वहां की पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद भारत ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की।
कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुर्तगाल प्रशासन ने उसके प्रत्यर्पण को मंजूरी दी। इसके बाद हरियाणा पुलिस की टीम उसे लेने पुर्तगाल गई और वहां से उसे भारत लाकर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचाया गया।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने यह भी बताया कि इंटरपोल के सहयोग से अब तक 160 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है।












.jpg)