हरिद्वार, 09 मई।
कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एटीएम ठगी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष अभियान चलाते हुए दो शातिर आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एटीएम बूथों के आसपास रेकी कर बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बनाते थे। वे मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रकम निकाल लेते थे।
शनिवार को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ एसबीआई एटीएम बूथ पीपल चौक के पास जांच कर रहे थे, तभी बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई और दोनों झाड़ियों की ओर भागे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा उर्फ शिव निवासी फेरुपुर और मधुसूदन उर्फ मनोज निवासी गढ़मीरपुर के रूप में हुई है। तलाशी में शिवा से 10 एटीएम कार्ड, मोबाइल, नकदी और पर्स बरामद हुआ, जबकि मधुसूदन से 7 एटीएम कार्ड, मोबाइल, नकदी और पर्स मिला।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी एटीएम बदलकर ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।












.jpg)