गाजियाबाद, 20 अप्रैल।
लोनी क्षेत्र के अंकुर विहार थाना इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां श्मशान घाट परिसर में स्थित पानी से भरे गहरे तालाब में 7 वर्षीय बच्चा पतंग पकड़ने के प्रयास में गिर गया। घटना के बाद से बच्चा लापता है और उसकी तलाश में देर रात से सुबह तक रेस्क्यू अभियान जारी है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से देवबंद निवासी आरिफ अपने परिवार के साथ बुध नगर कॉलोनी में रहते हैं और नहर रोड स्थित स्टैचू निर्माण फैक्टरी में कार्यरत हैं। परिवार में पत्नी खुशनुमा, बड़ा बेटा आतिफ (7 वर्ष), मोहम्मद कैफ और छोटी बेटी परी शामिल हैं। रविवार को आरिफ की तबीयत खराब होने के कारण वे घर पर ही थे। शाम को उन्होंने बेटे आतिफ से दूध मंगवाया, जिसके बाद बच्चा घर से बाहर गया और वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने बताया कि आतिफ रोजाना शाम को ट्यूशन जाता था, लेकिन उस दिन वह वहां नहीं पहुंचा। देर शाम तक घर न लौटने पर परिवार ने ट्यूशन सेंटर जाकर जानकारी ली, जहां पता चला कि वह आया ही नहीं था। इसके बाद परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगे।
जांच में श्मशान घाट के पास लगे कैमरे में बच्चा तालाब की ओर जाते हुए दिखाई दिया। स्थानीय बच्चों ने भी बताया कि वह पतंग लूटने के लिए तालाब की तरफ गया था, जिसके बाद वह बाहर नहीं निकला। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजनों ने मिलकर तलाश शुरू की।
मौके पर एनडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों द्वारा संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि देर रात से शुरू हुई खोजबीन के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है।









