सुपौल, 25 मार्च।
चैती छठ महापर्व बुधवार की सुबह श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। जिले के शहरी और ग्रामीण घाटों पर व्रती महिलाएं और पुरुष सुबह-सुबह पहुंचे और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
घाटों पर छठी मैया के गीतों और मंत्रों से माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। श्रद्धालु दंड प्रणाम और नियमों का पालन करते हुए घाटों तक पहुंचे। विभिन्न छठ घाटों को रंग-बिरंगी रोशनी और साफ-सफाई से सजाया गया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
कई श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूर्ण होने पर विशेष पूजा-अर्चना की और बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। घरों में आंगन में कृत्रिम घाट बनाकर पूजा करने वाले व्रतियों ने भी अपने तरीके से भक्ति निभाई। चार दिनों तक व्रती निर्जला व्रत रखते हुए संयम, आस्था और श्रद्धा का परिचय दिया।
छठ महापर्व के समापन पर श्रद्धालुओं के चेहरे पर संतोष और मन में शांति का भाव दिखाई दिया। इस अवसर ने सुपौल में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश फैलाया।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


