तेहरान, 14 मई।
होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान-क्षेत्रीय तनाव के बीच गुजरात का एक मालवाहक जहाज हादसे का शिकार हो गया। ‘हाजी अली’ नामक यह जहाज 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी किसी विस्फोटक या ड्रोन जैसी वस्तु से टकराने के बाद उसमें आग लग गई और वह डूब गया।
हादसे के बाद जहाज पर अचानक आग फैल गई और स्थिति गंभीर हो गई, जिससे चालक दल में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ओमान तटरक्षक बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 14 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी को लाइफ बोट की मदद से बचाया गया।
जानकारी के अनुसार जहाज गुजरात के द्वारका निवासी मालिक का था और वह बंदरगाह से रवाना होकर शारजाह की ओर जा रहा था। चालक दल ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और कुछ ही समय में आग ने पूरे जहाज को अपनी चपेट में ले लिया।
ओमान तटरक्षक बल की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और सभी लोगों की जान बच गई, हालांकि जहाज पूरी तरह समुद्र में डूब गया। घटना के बाद समुद्री सुरक्षा को लेकर क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।








.jpg)



