हरदा, 20 मई ।
मध्य प्रदेश के हरदा जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब खंडवा स्टेट हाईवे पर मजदूरों से भरी ओवरलोड पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में कुल 24 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में क्षमता से कहीं अधिक लगभग 45 मजदूर सवार थे। वाहन जब कांकरिया और मसनगांव के बीच एक खेत के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक अन्य पिकअप द्वारा ओवरटेक करने की कोशिश की गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान पिकअप का पिछला एक्सल टूट गया और पहिया निकल जाने से वाहन बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
ग्रामीणों ने पिकअप के नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकालने में सहायता की। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार कुछ मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें हाथ और पैर में फ्रैक्चर शामिल हैं, जबकि एक मजदूर की उंगलियां कट गई हैं। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
यह सभी मजदूर डाबया और पाडल्या गांव से नीमगांव में मूंग की फसल काटने के लिए जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए स्टेट हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।




.jpg)

.jpg)







