नई दिल्ली, 07 अप्रैल 2026।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर देश में समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत की गई। इस क्रम में हमदर्द लैबोरेटरीज ने ‘होलीस्टिक हीलिंग’ अभियान लॉन्च किया, जिसका उद्देश्य निवारक स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापक देखभाल को प्रोत्साहित करना है। इस पहल में शोध, शिक्षा और सामुदायिक भागीदारी को एक साथ जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
अभियान के तहत ‘होलीस्टिक हीलिंग’ की अवधारणा को प्रमुखता दी गई है, जो केवल बीमारी के इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके मूल कारणों को समझकर शरीर, मन और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य लोगों को बेहतर और दीर्घकालिक स्वास्थ्य की दिशा में जागरूक करना है।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन ने बताया कि वर्तमान समय में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और जीवनशैली से जुड़ी अन्य गैर-संक्रामक बीमारियां गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बनती जा रही हैं। ऐसे में समय रहते रोकथाम, शीघ्र पहचान और समग्र उपचार की दिशा में कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया है।
अभियान के अंतर्गत लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग किया जाएगा। इसके जरिए जागरूकता बढ़ाने वाली सामग्री, उपयोगी सुझाव और स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक उपाय साझा किए जाएंगे, ताकि लोग अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव ला सकें।
इसके अलावा, अभियान में चिकित्सकों और विशेषज्ञों के लिए निरंतर चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं। साथ ही यूनानी और आयुष से जुड़े कॉन्क्लेव और सम्मेलनों का आयोजन कर पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने और शोध के आदान-प्रदान को मजबूत करने की योजना बनाई गई है।













