अपराध
22 May, 2026

दोस्तों ने रची साजिश, 9 दिन बाद नदी से मिला किशोर का शव

नवादा में 16 वर्षीय किशोर की कथित रूप से दोस्तों द्वारा हत्या कर शव नदी में दफनाने का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने नौ दिन बाद शव बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

नवादा, 22 मई ।

नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित मिर्जापुर मोहल्ले में 16 वर्षीय किशोर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दोस्तों पर ही अपहरण के बाद हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने नौ दिन की जांच और तलाश के बाद नदी किनारे से किशोर का शव बरामद किया है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने सदर अस्पताल के सामने घंटों सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार मिर्जापुर निवासी संजीत यादव का पुत्र प्रिंस कुमार 13 मई की शाम घर से दोस्तों के बुलाने पर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद 14 मई को परिजनों ने नगर थाना में गुमशुदगी और अपहरण की आशंका को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कुछ युवकों पर संदेह भी जताया गया था।

पुलिस जांच के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर कादिरगंज क्षेत्र के घोस्तानवां गांव के पास सकरी नदी से किशोर का शव बरामद किया गया। शव को नदी किनारे दबाकर छिपाया गया था।

जांच में सामने आया कि टोटो चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद तीन युवकों ने मिलकर कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि पहले किशोर को साथ ले जाकर शराब पिलाई गई और बाद में उसकी हत्या कर शव को नदी किनारे दफना दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में एक अन्य आरोपित अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना से नाराज परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़