बलिया, 25 मई।
गंगा दशहरा के पावन पर्व पर रविवार को जनपद के विभिन्न गंगा तटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर के महावीर घाट, मालदेपुर घाट सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
भोर से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था, जो दिन चढ़ने के साथ और अधिक बढ़ गया। पवित्र डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने नगर के प्रसिद्ध मंदिरों में पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। इस दौरान बालेश्वर नाथ मन्दिर और बाबा भृगु मन्दिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ देखी गई। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। घाटों पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी परिलक्षित नहीं हुई। घाटों के आसपास का दृश्य किसी मेले जैसा प्रतीत हो रहा था, जहां पूजन सामग्री, प्रसाद और अन्य वस्तुओं की दुकानों पर खासी चहल-पहल बनी रही।
गंगा दशहरा के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने निरंतर निगरानी बनाए रखी और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने के लिए निरंतर निर्देशित किया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।







.jpg)







