राजगढ़, 25 मई।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक गल्ला व्यापारी की असमय मृत्यु हो गई। शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुना नाका के समीप एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सहायता टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुँचाया। चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत 52 वर्षीय बाइक चालक रामगोपाल पिता कन्हैयालाल राठौर को मृत घोषित कर दिया। मृतक खुजनेर के निवासी थे और ब्यावरा स्थित कृषि उपज मंडी में व्यावसायिक कार्य से आए हुए थे। दुर्घटना में बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति, 38 वर्षीय भगवत पिता मांगीलाल सेन, भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के पश्चात उसे परिजनों को सौंप दिया है। स्थानीय पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी है।







.jpg)







