नई दिल्ली, 26 मई ।
दिल्ली सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए राशन कार्ड बनाने की पात्रता में बड़ा बदलाव करते हुए वार्षिक आय सीमा को 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दिया है।
यह निर्णय दिल्ली सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी के बाद लागू किया गया, जिसके तहत अब 2.5 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवार भी नए राशन कार्ड के लिए पात्र होंगे और उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से अनाज उपलब्ध कराया जाएगा।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा के दायरे में लाना है, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को योजना से वंचित न रहना पड़े।
इससे पहले मुख्यमंत्री द्वारा 21 मई को ही आय सीमा बढ़ाने की घोषणा की गई थी, जिसे अब कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है।
वहीं राजधानी में नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 मई से ही शुरू की जा चुकी है, जिससे लोग डिजिटल माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।















