रायपुर, 26 मई ।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं, जिसका उद्देश्य देशभर के बच्चों की असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रतिवर्ष राष्ट्रपति द्वारा उन बच्चों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार इस वर्ष नामांकन प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी, जिसमें 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे आवेदन कर सकते हैं।
इस पुरस्कार के अंतर्गत वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को मान्यता दी जाएगी।
विभाग ने बताया कि इच्छुक बच्चे, अभिभावक, संस्थाएं अथवा अन्य व्यक्ति योग्य बच्चों का नामांकन कर सकते हैं तथा स्व-नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध है।
सभी आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे और विस्तृत जानकारी भी वहीं उपलब्ध है।
राज्य शासन ने प्रदेश के प्रतिभाशाली बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है, ताकि उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान मिल सके।















