मध्य प्रदेश
26 May, 2026

गंगा दशहरा पर नर्मदा भक्ति का संगम, चुनरी यात्रा से माहिष्मती घाट तक गूंजे जयकारे

मंडला में गंगा दशहरा पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत भव्य चुनरी यात्रा, महाआरती और स्वच्छता अभियान के माध्यम से नर्मदा संरक्षण का संदेश दिया गया।

मंडला, 26 मई ।

मंडला जिले में गंगा दशहरा के अवसर पर मंगलवार को मां नर्मदा की भक्ति और जल संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सर्किट हाउस से माहिष्मती घाट तक भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं, युवाओं और नर्मदा भक्तों की बड़ी भागीदारी रही। हर-हर नर्मदे और जल संरक्षण के संदेशों के साथ निकली यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।

शाम करीब पांच बजे शुरू हुई यात्रा में महिलाएं पीले और लाल परिधानों में सिर पर चुनरी लेकर शामिल हुईं। सर्किट हाउस से रेवांचल पार्क और कला दीर्घा मार्ग होते हुए यात्रा माहिष्मती घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की मौजूदगी से घाट परिसर गूंज उठा।

माहिष्मती घाट पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मां नर्मदा का विधिवत पूजन-अर्चन कर चुनरी अर्पित की। इसके बाद आयोजित पंच चौकी महाआरती में रुद्राष्टक और नर्मदाष्टक के पाठ से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने समवेत स्वर में आरती कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

महाआरती के समापन पर मंत्रोच्चार के बीच मां नर्मदा का दुग्धाभिषेक और पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नर्मदा संरक्षण को सांस्कृतिक और सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए जल संरक्षण का संकल्प लिया।

इससे पहले सुबह कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे माहिष्मती घाट पहुंचे और स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। उन्होंने घाट परिसर की सफाई कर लोगों को स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं और नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और आस्था की पहचान हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पूजा सामग्री नदी में प्रवाहित न करें और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में भागीदारी निभाएं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

31° / 43°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़