भोपाल, 26 मई ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में महिला कर्मयोगी बहनों को नि:शुल्क ई-साइकिलें प्रदान करते हुए कहा कि यह पहल उन्हें नई ऊर्जा और सुविधा प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक वाहन एक बेहतर विकल्प हैं और ई-साइकिलें महिलाओं के जीवन को सरल बनाने में सहायक होंगी। कार्यक्रम में 40 महिला कर्मयोगियों को ई-साइकिलें वितरित की गईं, जिन्हें जिला प्रशासन ने सीएसआर फंड के माध्यम से उपलब्ध कराया था।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल संरक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और जल गंगा संरक्षण महाभियान के तहत हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश को जल संरक्षण में देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों, तालाबों, कुओं और बावड़ियों के जीर्णोद्धार के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं और आमजन की भागीदारी से यह अभियान सफल हो रहा है। उन्होंने इसे प्रदेशवासियों के परिश्रम का परिणाम बताया।
भोजशाला से जुड़े विषय पर उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्णय का सभी वर्गों ने सम्मान किया है और राज्य सरकार न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित कर रही है।




.jpg)










