नई दिल्ली, 26 मई ।
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जिसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी और आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया एक स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए मिलकर कार्य करते रहेंगे। दोनों देशों ने क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और विकास को साझा लक्ष्य बताया।
इसी बीच क्वाड बैठक में भी पेनी वोंग ने कई नई पहलों की जानकारी दी, जिनमें ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग और फिजी में बंदरगाह अवसंरचना को समर्थन जैसे मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्वाड केवल संवाद का मंच नहीं, बल्कि ठोस परिणाम देने वाला समूह है जो इंडो-पैसिफिक देशों को व्यावहारिक लाभ प्रदान करता है।
उन्होंने क्षेत्रीय परिस्थितियों को चुनौतीपूर्ण बताते हुए ऊर्जा सुरक्षा और समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता पर विशेष जोर दिया। साथ ही वैश्विक आर्थिक अस्थिरता और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी से भी मुलाकात की और भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी की भूमिका को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया।















