बाराबंकी, 27 मई ।
जिले में बीते दिनों किराना व्यवसायी के घर में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। जांच के दौरान मैनुअल इंटेलिजेंस, डिजिटल डेटा और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने बदमाशों को चिन्हित कर गोवर्धन कॉलोनी गेट के पास घेर लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ हुई और पांच बदमाशों को दबोच लिया गया।
मुठभेड़ में दो बदमाश जसीम अहमद और सैफ गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं अन्य आरोपियों में मोहम्मद इस्माइल, मोहम्मद अबरार और बलवंत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई नकदी, सोने-चांदी के जेवर, अवैध तमंचे, कारतूस, एक वैगनआर कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इस पूरे गिरोह का सरगना बुलंदशहर का रोहित जाट है, जो पहले रेकी कर कम सुरक्षा वाले घरों और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाता था। यह गिरोह बाराबंकी के अलावा लखनऊ, सीतापुर और गोंडा में भी वारदातों को अंजाम दे चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े केस शामिल हैं। पुलिस अब फरार सरगना की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई में शामिल स्वाट, सर्विलांस और थाना देवा की संयुक्त टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।















