अमेठी, 27 मई ।
थाना रामगंज पुलिस ने अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गो-तस्करी से जुड़े एक इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में अभियुक्त को दबोचा गया, जो लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश यादव उर्फ मनीष यादव उर्फ मिन्टू यादव के रूप में हुई है, जो चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के कैथा उर्फ टड़िया खुर्द गांव का निवासी बताया गया है। आरोपी पर गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों में सक्रिय भूमिका निभाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार यह आरोपी एक संगठित अंतरजनपदीय गिरोह का सरगना है और उसके खिलाफ अमेठी, चंदौली तथा जौनपुर जिलों में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।















