नई दिल्ली, 27 मई ।
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने पहली बार सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 की प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी की है। आयोग ने कहा कि परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी 31 मई शाम 6 बजे तक upsconline.nic.in पोर्टल के माध्यम से अपनी आपत्तियां और अभ्यावेदन दर्ज कर सकते हैं।
आयोग के अनुसार अभ्यर्थियों को अपनी आपत्तियों के साथ संक्षिप्त व्याख्या और तीन प्रामाणिक स्रोतों से संबंधित प्रमाण भी प्रस्तुत करने होंगे। प्राप्त सभी अभ्यावेदनों की जांच विषय विशेषज्ञों की टीम द्वारा की जाएगी, जिसके बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम उत्तर कुंजी अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही जारी की जाएगी, जैसा कि पूर्व परंपरा रही है।
यूपीएससी ने बताया कि सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में इस वर्ष लगभग 5.49 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। यह परीक्षा 24 तारीख को आयोजित की गई थी, जिसमें 933 सिविल सेवा पदों और भारतीय वन सेवा के 80 पदों के लिए उम्मीदवारों ने भाग लिया।
आयोग ने कहा कि प्रश्न पत्र देशभर के विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए जाते हैं, ताकि विभिन्न शैक्षणिक और क्षेत्रीय पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों के लिए समान अवसर सुनिश्चित किया जा सके। प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी करने का यह कदम परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।















