जम्मू, 28 मई।
शहर की जानी-मानी सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर रोनिशा द्वारा आत्महत्या करने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है, जहां उन्होंने लाइव वीडियो के दौरान अपना दर्द साझा करते हुए यह कदम उठाने का प्रयास किया।
सूचना के अनुसार, रोनिशा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा कि यह उनका अंतिम वीडियो है और वह अपनी जिंदगी खत्म करने जा रही हैं, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लाइव प्रसारण के दौरान उन्होंने कहा कि वह मानसिक उत्पीड़न को और अधिक सहन नहीं कर सकतीं और उनके निधन के बाद उनके परिवार को परेशान न किया जाए, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि समाज में तलाकशुदा महिलाओं के साथ भेदभाव किया जाता है और उन्हें जीने नहीं दिया जाता।
उन्होंने आगे यह भी कहा कि जिन लोगों को कोई सबूत चाहिए वे उनके वकील से संपर्क कर सकते हैं और यह आरोप लगाया कि देश में न्याय प्रणाली कमजोर है, जहां पीड़ितों को इंसाफ नहीं मिलता, जबकि गंभीर अपराधियों को राहत मिल जाती है।
वीडियो के अंत में उन्होंने दोहराया कि यह उनका अंतिम संदेश है और इसके बाद उनके परिवार को किसी भी तरह से परेशान न किया जाए। इस बीच परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रशांत, उसकी बहन रिया और जीजा की प्रताड़ना के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि रोनिशा को कुछ होता है तो इसके लिए उक्त लोग जिम्मेदार होंगे। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।












