उमरिया, 12 जून।
उमरिया जिले में सिविल सर्जन डॉ. के.सी. सोनी से कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग सिविल सर्जन के साथ विवाद और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसी घटना को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं और अलग-अलग आरोप लगा रहे हैं।
एक पक्ष के युवक ने डॉक्टर पर अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि बातचीत के दौरान वह उनके साथ दूसरे स्थान पर गया, जहां कथित रूप से आपत्तिजनक हरकत की गई। इसके बाद उसने अपने परिचितों को सूचना दी, जिससे विवाद बढ़ गया।
वहीं, डॉ. के.सी. सोनी ने आरोपों को नकारते हुए कहा है कि उनके साथ मारपीट की गई और दबाव बनाकर उनसे जबरन बयान दिलवाए गए। साथ ही उन्होंने नकदी और सोने की अंगूठी छीनने का भी आरोप लगाया है और पुलिस में शिकायत दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 8 जून की रात दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे और अपने-अपने आवेदन दिए थे। वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













