जौनपुर, 12 जून।
जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने के मामले में वांछित एक युवक की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने आरोपी को सूचना के आधार पर मेडिकल स्टोर मैरादखान के पास से पकड़ा।
मामले में मड़ियाहूं क्षेत्र की तदीपुर गांव निवासी युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि सखैला गांव निवासी विशाल ने शादी का वादा कर करीब चार वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में विवाह से इनकार कर दिया और विरोध करने पर गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और मानवाधिकार संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया है। आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा। पूछताछ में उसने आरोपों से इनकार किया है और न्यायालय में पक्ष रखने की बात कही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।













