जोधपुर, 12 जून।
जोधपुर में कृषि मंत्री की आकस्मिक जांच के दौरान सामने आए अवैध मूंगफली बीज भंडारण मामले में फर्म संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत की गई है।
मामला 27 मई का है, जब कृषि मंत्री ने मंडोर क्षेत्र के नौ मील सहित विभिन्न स्थानों पर मूंगफली बीज के भंडारण और बिक्री को लेकर औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान एक फर्म में बड़ी मात्रा में मूंगफली बीज का अवैध भंडारण पाया गया।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित फर्म के पास भंडारण के लिए आवश्यक लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। इसके बाद कृषि विभाग की ओर से सहायक निदेशक कार्यालय के माध्यम से मंडोर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने फर्म संचालिका के खिलाफ ईसी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 24 हजार किलोग्राम से अधिक मूंगफली बीज जब्त किया गया, जो 20-20 किलोग्राम के बैगों में रखा हुआ था।
फिलहाल पुलिस और कृषि विभाग संयुक्त रूप से मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।













