राष्ट्रीय खेल
28 May, 2026

मंगलुरु में सर्फिंग का रोमांच, राष्ट्रीय खिताब और एशियाई खेलों की दौड़ शुरू

मंगलुरु में 29 मई से शुरू होने वाली इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग चैंपियनशिप में देशभर के शीर्ष खिलाड़ी राष्ट्रीय खिताब के साथ एशियाई खेलों में जगह मजबूत करने के लिए मुकाबला करेंगे।

मंगलुरु, 28 मई ।

भारतीय सर्फिंग के लिए अहम मानी जा रही सातवीं एनएमपीए इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग प्रतियोगिता 29 से 31 मई तक कर्नाटक के मंगलुरु स्थित ब्लू बे तन्नीरभावी इको बीच पर आयोजित होगी। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के प्रमुख सर्फर राष्ट्रीय खिताब के साथ एशियाई खेलों की दावेदारी मजबूत करने के उद्देश्य से चुनौती पेश करेंगे।

इस वर्ष आइची-नागोया एशियाई खेलों में सर्फिंग के पहली बार शामिल होने से पहले आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता भारतीय सर्फिंग के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुरुष ओपन, महिला ओपन, अंडर-18 बालक-बालिका और अंडर-14 बालक-बालिका वर्गों में मुकाबले होंगे, जिनमें कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और गोवा सहित कई राज्यों के 80 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में मंत्रा सर्फ क्लब और सर्फिंग स्वामी फाउंडेशन इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं। यह चैंपियनशिप लगातार राष्ट्रीय सर्फिंग कैलेंडर में अपनी पहचान मजबूत करती जा रही है। कर्नाटक सरकार सातवें वर्ष आयोजन को समर्थन दे रही है, वहीं न्यू मंगलुरु पोर्ट अथॉरिटी लगातार तीसरे वर्ष टाइटल प्रायोजक के रूप में जुड़ी हुई है।

इस बार की प्रतियोगिता को एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम चयन से पहले अंतिम बड़े घरेलू मूल्यांकन के तौर पर भी देखा जा रहा है। सीमित स्थानों के लिए प्रतिस्पर्धा तेज है और मंगलुरु में खिलाड़ियों का प्रदर्शन चयन प्रक्रिया पर असर डाल सकता है। यह टूर्नामेंट इस सत्र की नेशनल चैंपियनशिप सीरीज का दूसरा चरण भी होगा। इससे पहले ‘लिटिल अंडमान प्रो 2026’ आयोजित किया जा चुका है।

पुरुष वर्ग में रमेश बुदिहाल पर विशेष नजरें रहेंगी, जिन्होंने हाल ही में महाबलीपुरम में आयोजित एशियन सर्फिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। शिवराज बाबू, किशोर कुमार और श्रीकांत डी भी खिताब के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं महिला वर्ग में कमाली पी और गोवा की शुगर शांति बनारसे से कड़े मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है।

इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग अब केवल एक खेल आयोजन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह देश में तेजी से बढ़ती सर्फिंग संस्कृति का प्रतीक बनता जा रहा है। तन्नीरभावी इको बीच भी धीरे-धीरे देश के प्रमुख महासागरीय खेल केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है। अगले तीन दिनों तक यहां देश के शीर्ष सर्फर घरेलू वर्चस्व के साथ एशिया के सबसे बड़े खेल मंच तक पहुंचने की राह मजबूत करने के लिए संघर्ष करते नजर आएंगे।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़