टॉप न्यूज़
28 May, 2026

गिर जंगल में सात शेरों की मौत से हड़कंप, 17 शेर क्वारंटीन में रखे गए

गिर जंगल में रहस्यमयी वायरस के लक्षणों के चलते सात शेरों की मौत के बाद वन विभाग ने 17 शेरों को क्वारंटीन कर जांच और उपचार शुरू किया है।

गांधीनगर, 28 मई ।

विश्व में एशियाई शेरों के एकमात्र प्राकृतिक आवास गिर जंगल में रहस्यमयी वायरस के कारण हालात गंभीर हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों में यहां कुल सात शेरों की मौत हो चुकी है, जिनमें चार शावक भी शामिल हैं। इस घटना से वन विभाग में चिंता और सतर्कता दोनों बढ़ गई हैं।

अरण्य भवन में पीसीसीएफ डॉ. जयपालसिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मृत शेरों में रहस्यमयी वायरस के लक्षण पाए गए हैं, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह कैनाइन डिस्टेंपर वायरस है या कोई अन्य संक्रमण। इसके लिए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट लगभग एक सप्ताह में आने की उम्मीद है।

वन विभाग ने एहतियात के तौर पर 17 शेरों को क्वारंटीन किया है, जिनमें से आठ में वायरस जैसे लक्षण दिखाई दिए हैं। संक्रमित शेरों के उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की विशेष टीम लगातार निगरानी और इलाज में जुटी हुई है।

सूत्रों के अनुसार 12 डॉक्टरों की एक विशेष टीम दिन-रात उपचार और मॉनिटरिंग कार्य कर रही है, ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके। गिर क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में विशेष निगरानी अभियान भी चलाया जा रहा है।

इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या मृत शेर पहले से किसी अन्य बीमारी से प्रभावित थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में वनकर्मियों की तैनाती की गई है। करीब 250 वनकर्मी राहत और निगरानी कार्य में लगे हुए हैं।

जामनगर, सूरत, राजकोट, कच्छ और जूनागढ़ से भी 20 से अधिक अनुभवी अधिकारियों और कर्मचारियों को गिर क्षेत्र में बुलाया गया है। इनमें आरएफओ, वनपाल और अन्य वन विभाग के कर्मचारी शामिल हैं, जिन्हें क्षेत्र की परिस्थितियों का अनुभव होने के कारण विशेष रूप से तैनात किया गया है।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़