यमुनानगर, 29 मई।
जगाधरी-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। लालढांग के समीप मक्के से लदा एक अनियंत्रित ट्रक दो मोटरसाइकिलों पर पलट गया, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल एक महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान चूहड़पुर कलां निवासी राजेंद्र धीमान (45), उनकी दो बेटियों सिमरन (14) व मिनल (12) और दौलतपुर निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है। राजेंद्र की पत्नी ऊषा इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। जानकारी के अनुसार, परिवार शुक्रवार सुबह दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हिमाचल प्रदेश स्थित श्रीरेणुका जी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लालढांग के पास ढलान और तीखे मोड़ पर ट्रक अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में आ गया। बाइक सवारों ने खुद को बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन सड़क किनारे लगी रेलिंग के कारण वे निकल नहीं सके और ट्रक सीधे उनके ऊपर पलट गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाया। मक्के की बोरियों को हटाकर और क्रेन की मदद से ट्रक को उठाकर शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।









