रक्षा व सुरक्षा
29 May, 2026

छत्तीसगढ़ में फर्जी निवास प्रमाण पत्र गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनाकर केंद्रीय बलों में भर्ती कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बलरामपुर, 29 मई ।

छत्तीसगढ़ में फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनाकर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में भर्ती कराने वाले एक संगठित गिरोह का बलरामपुर पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरा नेटवर्क डोंगरगढ़ से संचालित होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार मामले की शुरुआत 28 अप्रैल 2026 को हुई, जब तहसीलदार बलरामपुर ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 204 कोबरा बटालियन सीआरपीएफ में तैनात कांस्टेबल सुमित अचल सिंह ने दस्तावेजों में हेरफेर कर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवास प्रमाण पत्र हासिल किया था। यह आवेदन ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से प्रस्तुत किया गया था।

जांच के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर 14 मई 2026 को राजस्थान के धौलपुर निवासी सुमित अचल सिंह को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि उसने आरक्षण का लाभ लेकर वर्ष 2023 में सीआरपीएफ में भर्ती हासिल की थी।

आगे की जांच में पुलिस को इस पूरे फर्जीवाड़े के बड़े नेटवर्क का पता चला। इसके बाद मुख्य आरोपी मध्यप्रदेश के मुरैना निवासी विवेक सिंह तोमर और उसके सहयोगी आकाश सिंह शर्मा को रायपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि विवेक सिंह तोमर ने स्वयं फर्जी दस्तावेजों के जरिए डोंगरगढ़ से निवास प्रमाण पत्र बनवाया था, जबकि आकाश शर्मा ने फर्जी पहचान के आधार पर आधार और पैन कार्ड तैयार कराए थे।

एक अन्य आरोपी ओमप्रकाश चंद्रवंशी को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह फर्जी सिटीजन आईडी बनाकर दस्तावेज तैयार करने में मदद करता था और इसके बदले प्रति व्यक्ति राशि ली जाती थी।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि इस गिरोह द्वारा प्रति फर्जी प्रमाण पत्र के बदले लाखों रुपये वसूले जाते थे और ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से दस्तावेजों में हेरफेर किया जाता था।

अधिकारियों के अनुसार इस नेटवर्क के जरिए अन्य राज्यों के लोग भी छत्तीसगढ़ का निवासी बनकर सीआरपीएफ, एसएसबी और सीआईएसएफ जैसी केंद्रीय बलों में भर्ती का लाभ ले रहे थे या प्रयास कर रहे थे।

पुलिस ने कंप्यूटर सिस्टम सहित कई डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं और अब केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

|
आज का राशिफल

मेष- कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। जमीन जायदाद का लाभ भी हो सकता है। श्रम साध्य कार्यों में सफल होंगे। भय तथा शत्रुहानि की आशंका रहेगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़