राजनीति
04 Jun, 2026

उत्तराखंड दौरे पर राहुल गांधी, अल्मोड़ा में जनसभा और पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद

राहुल गांधी उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर अल्मोड़ा में जनसभा करेंगे और पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद के साथ संगठनात्मक बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

देहरादून, 04 जून।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी गुरुवार से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। करीब चार साल बाद राज्य आगमन को कांग्रेस संगठन और राजनीतिक रणनीति की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, जिसे पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी की औपचारिक शुरुआत के रूप में देख रही है।

राहुल गांधी आज लगभग 11 बजे अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां से राज्य में कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत मानी जा रही है। इसके बाद वह पौड़ी पहुंचेंगे और वहां पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होकर पूर्व सैनिकों एवं सैन्य परिवारों से संवाद करेंगे।

दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे राहुल गांधी के कोटद्वार पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है, जहां वह युवा खिलाड़ी मोहम्मद दीपक से मुलाकात कर सकते हैं। इसके साथ ही वह दीपक के जिम का निरीक्षण कर उसकी सदस्यता भी ले सकते हैं।

इसके बाद राहुल गांधी मसूरी पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे, जबकि अगले दिन 5 जून को देहरादून स्थित नीरजा ग्रीन फार्म में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जमीनी तैयारियों की समीक्षा पर विशेष चर्चा होगी।

उत्तराखंड को प्रमुख सैन्य राज्य माना जाता है, ऐसे में यह दौरा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां अग्निपथ योजना, वन रैंक वन पेंशन, ईसीएचएस सुविधाओं सहित पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों पर संवाद की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भरने वाला साबित होगा तथा पूरे प्रदेश के कार्यकर्ता कार्यक्रमों की सफलता के लिए सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि पौड़ी में होने वाला पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम राज्य की सैन्य परंपरा और पूर्व सैनिकों के सम्मान से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर प्रदान करेगा।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार राहुल गांधी का यह दौरा केवल जनसभाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से कांग्रेस संगठन को सक्रिय कर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जनसंपर्क अभियान को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें अल्मोड़ा की जनसभा और पौड़ी का पूर्व सैनिक सम्मेलन विशेष महत्व रखते हैं।

|
आज का राशिफल

मेष- कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। जमीन जायदाद का लाभ भी हो सकता है। श्रम साध्य कार्यों में सफल होंगे। भय तथा शत्रुहानि की आशंका रहेगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़