नई दिल्ली, 01 जून।
भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव और उपचुनाव 2026 के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। रविवार देर शाम केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद पार्टी ने 10 उम्मीदवारों की सूची जारी की। सूची में विभिन्न स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ने वाले नेताओं को मौका दिया गया है।
पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम सहमति जताई। इसके तहत वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र से उद्योगपति अरुण लखाणी को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं भंडारा-गोंदिया क्षेत्र से अविनाश ब्राह्मणकर को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
घोषित सूची के अनुसार अमरावती से प्रवीण पोटे पाटिल, सांगली-सातारा से धैर्यशील कदम, सोलापुर से राजेंद्र राऊत तथा अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे को उम्मीदवार बनाया गया है। इसी प्रकार छत्रपति संभाजी नगर-जालना क्षेत्र से सुहास सिरसाट, नांदेड़ से अमर राजुकर, जलगांव से नंदकिशोर महाजन और धाराशिव-लातूर-बीड क्षेत्र से बसवराज पाटिल को पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
इसके अलावा महाराष्ट्र विधान परिषद उपचुनाव के लिए नागपुर सीट से डॉ. राजीव पोतदार को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व ने चुनावी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए सभी नामों को अंतिम मंजूरी प्रदान कर दी है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधान परिषद की 16 सीटों के लिए मतदान 18 जून को प्रस्तावित है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 1 जून निर्धारित की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 2 जून को होगी। उम्मीदवार 4 जून तक अपने नाम वापस ले सकेंगे और मतगणना 22 जून को की जाएगी।











