पुडुचेरी, 29 मई ।
केंद्र सरकार ने पुडुचेरी में दो नए विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) को अधिसूचित किया है, जिसका उद्देश्य देश के औद्योगिक आधार को मजबूत करना, निर्यात को बढ़ावा देना और रणनीतिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को आगे बढ़ाना बताया गया है। यह निर्णय वाणिज्य विभाग के अंतर्गत विशेष आर्थिक क्षेत्रों के लिए बोर्ड ऑफ अप्रूवल की बैठक में लिया गया।
जानकारी के अनुसार, इन दोनों परियोजनाओं को मंजूरी मिलना पुडुचेरी की औद्योगिक और निर्यात आधारित विकास रणनीति के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे निवेश, विनिर्माण और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
इनमें से पहला आईटी और आईटीईएस आधारित एसईजेड होगा, जिसे ओल्गारेट नगर पालिका द्वारा थट्टानचावड़ी गांव में विकसित किया जाएगा। यह देश का पहला ऐसा एसईजेड होगा जिसे किसी नगर निकाय द्वारा विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना लगभग 8.623 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली होगी और इसमें करीब 725 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे लगभग 3,500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
दूसरा मल्टी सेक्टर एसईजेड होगा, जिसे पुडुचेरी औद्योगिक संवर्धन विकास एवं निवेश निगम द्वारा करासुर गांव में विकसित किया जाएगा। यह परियोजना लगभग 86.2457 हेक्टेयर क्षेत्र में बनेगी और इसमें करीब 1,250 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे लगभग 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
अधिकारियों के अनुसार ये परियोजनाएं तमिलनाडु, अंडमान और पुडुचेरी क्षेत्र में औद्योगिक विकास की बढ़ती गति को दर्शाती हैं, जहां बड़े पैमाने पर परियोजनाएं रोजगार सृजन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास में योगदान दे रही हैं।






.jpg)



