झाबुआ, 30 मई ।
झाबुआ जिले के बामनिया रेलवे स्टेशन के समीप जंगल में मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों से नाराज युवती के भाइयों ने युवक की हत्या कर शव रेलवे लाइन के पास फेंक दिया था, ताकि घटना को रेल हादसा बताया जा सके। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक का पेटलावद थाना क्षेत्र के ग्राम सातेर निवासी युवती से पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात मजदूरी के दौरान हुई थी, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज थे और युवक पर नजर रखे हुए थे।
जांच में सामने आया कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के बाद बामनिया रेलवे स्टेशन पर रुका हुआ था। इसी दौरान युवती के भाइयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया और पास के जंगल में ले गए। वहां उसके हाथ बांधकर लट्ठ और पत्थरों से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया और इसे रेल दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। हालांकि घटनास्थल और शव की स्थिति को देखकर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद हत्या की आशंका में जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और गहन जांच के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान पिपलीपाड़ा निवासी 20 वर्षीय सुकराम निनामा के रूप में की। जांच आगे बढ़ने पर युवती के कजिन भाइयों देवीलाल सिंगाड और कालू सिंगाड की भूमिका सामने आई, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।












